शासकीय बालक उमावि नारायणपुर में NCC Day का किया गया उत्साहपूर्ण आयोजन

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Nov 25, 2025 - 21:51
 0  23
शासकीय बालक उमावि नारायणपुर में NCC Day का किया गया उत्साहपूर्ण आयोजन

नारायणपुर, 25 नवम्बर 2025 शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर में NCC Day के अवसर पर उत्साह और देशभक्ति से भरपूर भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त सुबेदार शैलेन्द्र कुमार चंदेल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में पूर्व जनपद सदस्य अशोक शोरी, पूर्व सीनियर अंडर ऑफिसर जागेश्वर उसेण्डी, आत्मानंद विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री सुदीप रंजन शाहा तथा विद्यालय के NCC अधिकारी श्री पवन देवांगन शामिल थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में NCC कैडेट्स और छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत NCC संग के साथ की गई। इसके बाद NCC अधिकारी श्री पवन देवांगन ने प्रभावी स्वागत भाषण देते हुए NCC की महत्ता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना पर प्रकाश डाला।

इसके बाद कैडेट चिन्मय साहू ने देशभक्ति से सराबोर स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक ऊर्जावान हो गया। विशिष्ट अतिथि जागेश्वर उसेण्डी ने छात्रों को अनुशासन, कैरियर अवसरों और उज्ज्वल भविष्य हेतु प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि शैलेन्द्र चंदेल ने युवाओं की राष्ट्रीय सुरक्षा में भूमिका, रक्षा सेवाओं में उपलब्ध अवसरों तथा NCC के माध्यम से विकसित होने वाले गुणों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। विद्यालय के प्राचार्य ने कार्यक्रम में विद्यालय की NCC गतिविधियों, उपलब्धियों और कैडेट्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रकाश डाला।

इसके पश्चात कैडेट्स को A प्रमाण पत्र एवं कैम्प प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे छात्रों में विशेष उत्साह व गर्व देखा गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया।