नारायणपुर: पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई में कच्चापाल के जंगल से नक्सलियों का हथियार डंप बरामद, .303 और .315 रायफल समेत भारी मात्रा में कारतूस जब्त
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 17 जुलाई 2026 जिले को नक्सलमुक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए नारायणपुर पुलिस एवं 58वीं वाहिनी बीएसएफ लगातार सर्चिंग अभियान चला रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को थाना कोहकामेटा क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री की सूचना के आधार पर नारायणपुर पुलिस और 58वीं बीएसएफ की टीम ने कच्चापाल के घने जंगल में सघन सर्चिंग की। सर्चिंग के दौरान टीम ने नक्सलियों द्वारा जमीन में दबाकर रखा गया एक हथियार डंप बरामद किया।
बरामद सामग्री में शामिल हैं:-
इस डंप से सुरक्षा बलों ने 01 नग .303 रायफल, 01 नग .315 रायफल और 01 नग स्थानीय निर्मित बैरल लांचर बरामद किया। इसके अलावा .303 बोर के 17 जीवित कारतूस, 7.62 मिमी के 10 जीवित कारतूस, 12 बोर के 04 कारतूस, 01 खाली .303 मैगजीन, 02 कारतूस फिलर और 03 .303 ट्रेसर रॉड भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद सभी सामग्री को मौके पर विधिवत पंचनामा बनाकर जब्त कर लिया गया है। मामले में थाना कोहकामेटा में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
शांति व्यवस्था बनाए रखने लगातार अभियान जारी -
जिला पुलिस ने कहा कि नक्सलमुक्त क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए लगातार सघन सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन किया जा रहा है। इस तरह की बरामदगी से नक्सलियों के मंसूबों को बड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
नारायणपुर पुलिस एवं बीएसएफ की इस संयुक्त कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा का भाव बढ़ा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जंगल में कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा बलों को सूचना दें।





