छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षकों के 2292 पदों पर भर्ती शुरू, 21 अगस्त तक करें आवेदन, स्थानीय अभ्यर्थियों को मिलेगा शुल्क में राहत
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए राज्य सरकार ने बड़ा अवसर प्रदान किया है। प्रदेश में सहायक शिक्षकों के कुल 2292 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जिसमें ई-संवर्ग के 795 पद और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं। इच्छुक उम्मीदवार 24 जुलाई 2026 से 21 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र भरने के दौरान यदि कोई त्रुटि रह जाती है तो अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 22 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक आवेदन में आवश्यक संशोधन करने का अवसर भी दिया गया है।
भर्ती से जुड़ी लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुगम बनाने के लिए प्रदेश के 16 जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे ताकि अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
राज्य सरकार ने स्थानीय अभ्यर्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आवेदन शुल्क वापस करने की घोषणा भी की है। छग कर्मचारी चयन मंडल द्वारा स्थानीय अभ्यर्थियों का जमा किया गया आवेदन शुल्क वापस किया जाएगा। सरकार के इस कदम से बड़ी संख्या में युवाओं को आर्थिक राहत मिलेगी और अधिक से अधिक अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। इस भर्ती को सरकार ने "सरकारी शिक्षक बनने का सुनहरा अवसर" और "देश का भविष्य संवारें" के रूप में प्रस्तुत किया है।





