नारायणपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे हथियार-विस्फोटक बरामद, 44 बीजीएल शेल मौके पर नष्ट
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 18 जुलाई 2026 नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद भी नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों द्वारा सतत सर्चिंग अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत 17 जुलाई 2026 को 133वीं वाहिनी बीएसएफ, सोनपुर की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कदेर के समीप जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा हथियार, विस्फोटक एवं अन्य सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर सुरक्षा बल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की सहायता से संदिग्ध स्थान की गहन जांच की गई।
सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जमीन की खुदाई करने पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, चिकित्सा सामग्री, नक्सली साहित्य एवं अन्य उपयोगी सामान बरामद किया गया। बरामदगी में एक .303 राइफल, छह .315 राइफल, एक 12 बोर बंदूक, दो बीजीएल, विभिन्न बोर के कारतूस, राइफल मैगजीन, मैगजीन पाउच, राइफल स्लिंग और अन्य सैन्य उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा सुरक्षा बलों ने आरएफ डिटेक्टर, जीपीएस सेट, एंटीना, पेन ड्राइव, मेमोरी कार्ड, नक्सली वर्दी, नक्सली बैनर, नक्सली साहित्य एवं पत्र, चिकित्सा सामग्री तथा दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी बरामद कीं।
सुरक्षा की दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण बरामदगी 44 बीजीएल शेल की रही, जिसमें 24 बड़े और 20 छोटे शेल शामिल थे। बम निरोधक दस्ता ने इन शेलों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। इन विस्फोटकों को जब्ती सूची में शामिल नहीं किया गया है। शेष बरामद सामग्री को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सल मुक्त क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए लगातार सर्चिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री को नष्ट कर आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।





