अबूझमाड़ में फिर दिखी पुलिस की मानवीय संवेदना – दुर्गम कुड़मेल से गर्भवती महिला को बाइक से अस्पताल पहुंचाकर डीआरजी जवानों ने बचाई जान
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 09.08.2026दुर्गम एवं पहुंचविहीन अबूझमाड़ क्षेत्र में नारायणपुर पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ-साथ ग्रामीणों की मदद और मानवीय संवेदनाओं के प्रति भी पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में ग्राम कुड़मेल में डीआरजी के जवानों ने एक गर्भवती महिला को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराकर इंसानियत का फर्ज निभाया।
जानकारी के अनुसार कुड़मेल कैंप में सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम की एक गर्भवती महिला की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे तत्काल अस्पताल ले जाना आवश्यक है। सूचना मिलते ही डीआरजी जवानों ने बिना किसी देरी के सहायता के लिए कदम बढ़ाया। क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति बेहद दुर्गम और आवागमन के साधन न के बराबर थे, इसके बावजूद जवानों ने बाइक के माध्यम से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ओरछा पहुंचाकर भर्ती कराया। वहां महिला को आवश्यक चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया गया।
इस साहसिक एवं मानवीय कार्य में प्रधान आरक्षक बोमडू राम वेजाम, बस्तर फाइटर आरक्षक रामलाल शोरी और बस्तर फाइटर आरक्षक सुरेश बेलसरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कठिन रास्तों और चुनौतियों के बीच जवानों ने सूझबूझ और तत्परता से महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री संदीप पटेल ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्र में पुलिस की जिम्मेदारी केवल सुरक्षा और कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है। जरूरत के समय ग्रामीणों की सहायता करना और उनके जीवन की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करना भी हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। डीआरजी जवानों द्वारा गर्भवती महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाना पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय प्रतिबद्धता का उदाहरण है। नारायणपुर पुलिस अबूझमाड़ के प्रत्येक ग्रामीण तक सुरक्षा, सहयोग और विश्वास पहुंचाने के लिए सदैव तत्पर है। पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने इस कार्य में शामिल सभी जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता की भी विशेष रूप से प्रशंसा की।
अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्र में पुलिस जवानों द्वारा सुरक्षा के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में ग्रामीणों की मदद के लिए तत्पर रहना, पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत कर रहा है। नारायणपुर पुलिस का संकल्प है कि अबूझमाड़ के अंतिम छोर तक सुरक्षा, सहयोग और मानवीय संवेदना पहुंचाई जाए।





