नारायणपुर : विकासखंड स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता सम्पन्न, सेजेस सिंगोडीतराई प्रथम

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Sep 3, 2026 - 15:57
 0  41
नारायणपुर : विकासखंड स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता सम्पन्न, सेजेस सिंगोडीतराई प्रथम

नारायणपुर, 01 सितम्बर 2026 एक्सिस बैंक नारायणपुर के सौजन्य से विकासखंड स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सिंगोडीतराई में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूतपूर्व व्यायाम शिक्षक रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर श्री स्वरूप कुमार हरि थे, जबकि अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य श्री कल्याण कुमार मिस्त्री ने की। यह आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेन्द्र नाथ पांडे के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता लाना है।

प्रतियोगिता में 14 विद्यालयों के 60 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें शासकीय बालक स्कूल नारायणपुर, पोटाकेबिन देवगांव, हेजेस महावीर चौक, शासकीय कन्या स्कूल बंगलापारा, विवेकानंद विद्यापीठ आकाबेडा, विवेकानंद विद्यापीठ कुंदला, रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर, शासकीय हाईस्कूल बिंजली आदि शामिल थे।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सिंगोडीतराई, द्वितीय स्थान रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर एवं तृतीय स्थान शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर ने प्राप्त किया।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का अगला चरण विकासखंड ओरछा में आयोजित किया जाएगा, जिसके पश्चात जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर में सम्पन्न होगी, जिसकी तिथि चयनित विद्यालयों को पृथक से दी जाएगी।