एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छेरीबेड़ा एवं ओरछा में प्रवेश हेतु परीक्षा आयोजित, 479 परीक्षार्थी शामिल
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर 02 मार्च 2026 जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छेरीबेड़ा एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय ओरछा के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आयोजित चयन परीक्षा गत 01 मार्च को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस प्रवेश परीक्षा के लिए नारायणपुर में दो परीक्षा केंद्र तथा ओरछा में एक परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया था। तीनों केंद्रों में सुरक्षा, गोपनीयता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के प्रवेश से लेकर उत्तर पुस्तिका जमा करने तक की पूरी प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई गई। इस प्रवेश परीक्षा में जिले के कुल 479 परीक्षार्थी शामिल हुए।
दोनों विद्यालयों में कक्षा 6वीं के लिए 120 सीटों पर प्रवेश हेतु यह परीक्षा आयोजित की गई थी। जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए। अभिभावकों में भी अपने बच्चों के बेहतर शैक्षणिक भविष्य को लेकर उत्साह देखा गया। परीक्षा केंद्रों में पेयजल, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा समाप्ति के उपरांत सभी केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाओं को नियमानुसार संकलित कर कड़ी सुरक्षा के बीच थाना नारायणपुर में सीलबंद पेटियों में जमा कराया गया। पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिससे परीक्षा की गोपनीयता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। कलेक्टर नम्रता जैन ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया है। साथ ही यह भी बताया गया कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के उपरांत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस प्रकार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रवेश हेतु आयोजित यह परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।





