नारायणपुर में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़: भरमार बंदूक बनाते दो सगे भाई गिरफ्तार, हथियार बनाने की सामग्री बरामद

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Sep 22, 2026 - 19:54
 0  56
नारायणपुर में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़: भरमार बंदूक बनाते दो सगे भाई गिरफ्तार, हथियार बनाने की सामग्री बरामद

नारायणपुर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोहकामेटा पुलिस ने अवैध रूप से भरमार बंदूक बनाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं।

पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्या चंद्राकर एवं एसडीओपी श्री अजय सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

ऐसे मिली सूचना और हुई कार्रवाई

दिनांक 22.09.2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम किहकाड़ निवासी जयराम पोयाम उर्फ करवो और उसका भाई रामू पोयाम अपने घर में अवैध रूप से भरमार बंदूक का निर्माण कर रहे हैं और उसे अपने पास रखे हुए हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी कोहकामेटा श्री विनोद पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम किहकाड़ में दबिश दी। टीम ने संदिग्ध जयराम पोयाम के घर की घेराबंदी कर उसे पकड़ा। 

पूछताछ में जयराम ने अपने भाई रामू के साथ मिलकर अवैध हथियार बनाने की बात स्वीकार कर ली।

हथियार और सामग्री जब्त, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध भरमार बंदूक एवं हथियार बनाने में उपयोग की जाने वाली सामग्री बरामद कर विधिवत जब्त कर ली है।

इस मामले में थाना कोहकामेटा में अपराध क्रमांक 08/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी जयराम पोयाम उर्फ करवो पिता सिधराय पोयाम उम्र 45 वर्ष और रामू पोयाम पिता सिधराय पोयाम उम्र 21 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम किहकाड़, थाना कोहकामेटा को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है, जहां से आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

नारायणपुर पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, संग्रहण एवं उपयोग के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।