बंगलापारा स्कूल के बच्चों ने मानव श्रृंखला बनाकर दिया सेवा संकल्प का संदेश, पार्षद कीर्ति पोटाई ने दीप जलाकर और केक काटकर किया अभियान का शुभारंभ
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर के शासकीय प्राथमिक-पूर्व माध्यमिक शाला बंगलापारा में सेवा संकल्प अभियान की अनोखी शुरुआत हुई, जहां नन्हे बच्चों ने मानव श्रृंखला बनाकर जनसेवा का संदेश दिया।
नारायणपुर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले एक माह के राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ आज बंगलापारा स्कूल में किया गया।
शाला परिसर में छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड पार्षद श्रीमती कीर्ति पोटाई ने आशीर्वाद के दीये प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात उन्होंने आंगनबाड़ी और बालवाड़ी के बच्चों के साथ देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर केक काटकर खुशियां मनाईं।
अपने उद्बोधन में पार्षद श्रीमती पोटाई ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी परिकल्पना 'विकसित भारत सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।
वहीं प्रधान अध्यापिका श्रीमती ब्रजेश्वरी रावटे ने बताया कि आज से 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के साथ जनसेवा के इस महाअभियान की शुरुआत की जा रही है, जिसके अंतर्गत पूरे महीने जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के सदस्यगण, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।





