टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली रफ्तार: नारायणपुर में 2470 लोगों की जांच, 147 मरीज चिन्हित, 93 निक्षय मित्र बने सहायक
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 06 अगस्त 2026 प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में चल रहे 100 दिवसीय सघन टीबी जांच अभियान ने गति पकड़ ली है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा जा रहा है।
जनवरी से जुलाई तक 2470 जांच, 147 मरीज मिले
वर्ष 2026 में जनवरी से जुलाई तक जिले में 2,470 लोगों के बलगम नमूनों की जांच की गई। इसमें नारायणपुर विकासखंड के 2,111 और ओरछा विकासखंड के 359 लोग शामिल हैं। जांच में अब तक 147 टीबी मरीजों की पुष्टि हुई है। सभी मरीजों को राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत उपचार, नियमित दवा, परामर्श और पोषण संबंधी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
87 हाई रिस्क गांवों में विशेष स्क्रीनिंग
जिले के 87 हाई रिस्क गांवों में विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 68 गांवों में एआई आधारित हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन से स्वास्थ्य शिविर लगाए जा चुके हैं। इनमें 5,801 लोगों की जांच हुई। 4,700 की रिपोर्ट सामान्य रही, जबकि 1,101 लोगों के बलगम नमूने सीबीएनएटी जांच के लिए भेजे गए हैं। आधुनिक तकनीक से दुर्गम क्षेत्रों में भी मरीजों की शीघ्र पहचान संभव हो रही है।
कलेक्टर की अपील पर 93 निक्षय मित्र आगे आए
टीबी मरीजों को पोषण और सामाजिक सहयोग देने के लिए निक्षय मित्र योजना प्रभावी हो रही है। कलेक्टर नम्रता जैन की अपील पर जिला अधिकारी, कर्मचारी और सीएसआर सहयोगियों ने मिलकर 93 टीबी मरीजों को गोद लिया है। निक्षय मित्र नियमित रूप से मरीजों को फूड बास्केट और पौष्टिक आहार उपलब्ध करा रहे हैं।
कलेक्टर नम्रता जैन ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से भी निक्षय मित्र बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही टीबी मुक्त नारायणपुर का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है।
लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कुंवर ने कहा कि यदि किसी को दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन घटना, भूख कम लगना या रात में पसीना आए तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। उन्होंने बताया कि टीबी पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है और समय पर जांच व दवा से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।





