NSP पोर्टल पर दिव्यांग छात्रवृत्ति के लिए आवेदन शुरू: 40% या अधिक दिव्यांगता वाले कक्षा 1 से 12वीं के नियमित विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 07 सितंबर 2026 कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने तथा उनके परिवारजनों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता वाले ऐसे दिव्यांग छात्र-छात्राएं, जो कक्षा 1वीं से 12वीं तक विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं में नियमित रूप से अध्ययनरत हैं, छात्रवृत्ति के लिए पात्र होंगे।
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) पर राज्य सरकार की दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना को ऑनबोर्ड किया गया है। इसके फलस्वरूप छात्रवृत्ति के लिए आवेदन से लेकर राशि के भुगतान तक की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपादित की जाएगी। पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की जाएगी। बैंक खाता आधार से सीड होना अनिवार्य छात्रवृत्ति राशि के निर्बाध एवं समयबद्ध भुगतान के लिए विद्यार्थियों का बैंक खाता आधार से सीडेड होना अनिवार्य है। संबंधित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बैंक खाते को आधार से लिंक एवं सीडेड कराना सुनिश्चित करें, ताकि छात्रवृत्ति के भुगतान में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
शैक्षणिक संस्थाएं करें व्यापक प्रचार-प्रसार जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने यहां नियमित अध्ययनरत पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं का NSP पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन अपने स्तर से करवाएं तथा आवेदनों की प्रथम स्तर की जांच निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण करें। साथ ही, विद्यालय एवं शैक्षणिक संस्था स्तर पर योजना की ऑनलाइन प्रक्रिया एवं पात्रता संबंधी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले का कोई भी पात्र दिव्यांग छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना के आवेदन एवं प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी शैक्षणिक संस्थाओं को उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने में आर्थिक सहयोग मिलेगा तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन प्राप्त होगा।





