नारायणपुर में नक्सल मुक्त क्षेत्र में संयुक्त सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, आईटीबीपी और पुलिस ने हथियार-विस्फोटक का डंप बरामद किया
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर। जिले में नक्सल मुक्त घोषित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 जुलाई 2026 को थाना ओरछा क्षेत्र के कैंप पदमेटा से पदगुंडा और करसेनार की ओर 44वीं वाहिनी आईटीबीपी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कैंप पदमेटा से उत्तर दिशा में स्थित ग्राम पदगुंडा और करसेनार के जंगल पहाड़ क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डंप बरामद किया गया।
सुरक्षा बलों को इस डंप से काफी मात्रा में घातक सामग्री मिली है। बरामदगी में एक 12 बोर रायफल, 55 नग 12 बोर कारतूस, 4 नग 51 मिमी के स्थानीय निर्मित मोर्टार शेल, 25 नग लोहे के भाले, एक बैटरी, एक स्टील कंटेनर और भाकपा माओवादी का एक झंडा शामिल है। बरामद की गई सभी सामग्री को नियमानुसार जप्त कर लिया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों के लगातार अभियानों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से पिछले कुछ समय में नक्सल गतिविधियों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है। इसके बावजूद संयुक्त सुरक्षा बल किसी भी तरह की नक्सली गतिविधि की पुनरावृत्ति रोकने, जंगल पहाड़ों में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री को नष्ट करने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से सर्च अभियान चला रहे हैं।
नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या नक्सल संबंधी कोई जानकारी मिले तो वे तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।





