उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 के लिए समय और ड्रेस कोड जारी, सुबह 9:30 बजे बंद होंगे केंद्र के गेट
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 21 अप्रैल 2026 छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत आयोजित होने वाली उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 के सुचारू संचालन के लिए अभ्यर्थियों हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यह परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को प्रदेश के 16 जिलों में आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा में राज्य के सभी 33 जिलों के अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
*समय एवं प्रवेश संबंधी निर्देश*
परीक्षा का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को कम से कम 2 घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। साथ ही, परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन करने की सलाह दी गई है।
*ड्रेस कोड संबंधी निर्देश*
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मेरून, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के वस्त्र पहनना प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक परिधान पहनने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पूर्व पहुंचकर अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी तथा कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण वर्जित रहेंगे।
*प्रतिबंधित वस्तुएं एवं सामग्री*
परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार के संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन के साथ ही प्रवेश की अनुमति होगी।
*अनुशासन एवं आवश्यक निर्देश*
अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग एवं फोटोयुक्त पहचान पत्र के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का उपयोग करने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी।
सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें तथा परीक्षा को सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें।





