नारायणपुर के मसपुर-गुडरापाल जंगल में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन, भारी मात्रा में हथियार-गोला बारूद बरामद

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jun 17, 2026 - 19:03
 0  45
नारायणपुर के मसपुर-गुडरापाल जंगल में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन, भारी मात्रा में हथियार-गोला बारूद बरामद

नारायणपुर जिले में शांति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे सर्च अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। बीएसएफ 133वीं वाहिनी की ‘ई’ कंपनी ने कैंप मसपुर से निकलकर आसपास के जंगल क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान मसपुर-गुडरापाल के घने जंगल में तलाशी लेते हुए जवानों को एक संदिग्ध स्थान मिला। इलाके की घेराबंदी कर सावधानी से तलाशी लेने पर वहां जमीन में छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद हुआ।  

जब्त सामग्री में एक देसी बीजीएल लॉन्चर, सात बीजीएल गन, एक 12 बोर राइफल और 37 राउंड कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा 15 मीटर वायर और पांच पोच भी मिले हैं। सुरक्षा बलों ने सभी सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन हथियारों को काफी समय पहले जंगल में छिपाकर रखा गया था।  

गौरतलब है कि 31 मार्च 2026 को नारायणपुर जिले को नक्सलमुक्त घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद पुलिस और सुरक्षा बल दूरस्थ वन क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। इसका उद्देश्य पहले छिपाए गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री को बरामद कर जिले में शांति का माहौल स्थायी रूप से बनाए रखना है। नारायणपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में आगे भी संयुक्त सर्च अभियान जारी रहेंगे और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।