NEET (UG) 2026 परीक्षा हेतु अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 17 जून 2026 पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय नारायणपुर को आगामी NEET (UG) 2026 परीक्षा के लिए परीक्षा केन्द्र निर्धारित किया गया है। यह परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन को ध्यान में रखते हुए केन्द्र प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के समय एडमिट कार्ड, वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा अन्य मान्य पहचान पत्र), आवेदन पत्र में अपलोड किए गए फोटो के अनुरूप दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा निर्धारित प्रारूप में एक पोस्टकार्ड आकार का रंगीन फोटोग्राफ साथ लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी केवल पारदर्शी पानी की बोतल ही परीक्षा केन्द्र में ले जा सकेंगे।
परीक्षा केन्द्र में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्मार्ट अथवा डिजिटल घड़ी, कैलकुलेटर, पुस्तकें, नोट्स, अध्ययन सामग्री, पेन ड्राइव, ब्लूटूथ डिवाइस, कैमरा, हैंडबैग, पर्स, बेल्ट, आभूषण तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। किसी भी अभ्यर्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री पाए जाने पर उसकी उम्मीदवारी निरस्त की जा सकती है।
केन्द्र प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड, फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो एवं पोस्टकार्ड फोटो के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। PwD श्रेणी के अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त प्राधिकारी द्वारा जारी वैध प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। अभ्यर्थियों को सामान्य एवं सरल वस्त्र पहनकर आने की सलाह दी गई है। परीक्षा केन्द्र में स्टेशनरी (पेन) उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही केन्द्र में किसी भी प्रकार के अनधिकृत सामान को रखने की व्यवस्था नहीं होगी तथा खोई हुई वस्तुओं के लिए केन्द्र प्रशासन जिम्मेदार नहीं होगा।
परीक्षा केन्द्र में रिपोर्टिंग का समय प्रातः 11 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केन्द्र पहुंचने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





