नारायणपुर में पत्रकारों का हल्ला बोल, सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर दिया एकदिवसीय धरना

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jun 17, 2026 - 19:11
 0  37
नारायणपुर में पत्रकारों का हल्ला बोल, सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर दिया एकदिवसीय धरना

छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा कानून को तत्काल लागू करने की मांग ने मंगलवार को नारायणपुर में जोर पकड़ लिया। जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने जिला मुख्यालय के जय स्तंभ चौक पर सुबह 10 बजे से एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान पत्रकार एकता जिंदाबाद, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करो और नारायणपुर पत्रकार जिंदाबाद जैसे नारों से चौक गूंज उठा। 

धरने के बाद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर नम्रता जैन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में शासन, प्रशासन और जनता के बीच सेतु का काम करते हैं। नारायणपुर जैसे संवेदनशील जिले में पत्रकार कई चुनौतियों के बीच निष्पक्ष पत्रकारिता कर रहे हैं, लेकिन हाल के वर्षों में उनके खिलाफ झूठी शिकायतें, दबाव और प्रताड़ना की घटनाएं बढ़ी हैं। 

पत्रकारों ने बताया कि वर्ष 2023 में पत्रकार सुरक्षा विधेयक विधानसभा से पारित होकर राजपत्र में प्रकाशित भी हो चुका है, मगर अब तक पूरी तरह लागू नहीं हुआ है। इससे पत्रकार कानूनी संरक्षण से वंचित हैं। वरिष्ठ पत्रकार सुनील सिंह राठौर ने कहा कि कानून लागू होने से पत्रकार बिना भय के काम कर सकेंगे और झूठे मुकदमों से बचेंगे। मोहम्मद इमरान खान ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच संवाद का माध्यम है, उसे राजनीतिक चश्मे से देखना गलत है। 

डॉ. अभिषेक बैनर्जी ने बताया कि जनहित के समाचारों के कारण पत्रकारों पर दुर्भावनापूर्ण शिकायतें बढ़ रही हैं, इसलिए कानून का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। संजय राय, पुष्पेंद्र ठाकुर, अनुराग पांडेय समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि कानून लागू होने से झूठी शिकायतों पर रोक लगेगी, धमकी की घटनाएं कम होंगी और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता मजबूत होगी। 

धरना-प्रदर्शन में डॉ. विजय कुमार तिवारी, दिनेश रजक, रामप्रकाश सोनटेके, शिव कुमार पाण्डेय, रोशन सिंह ठाकुर, डॉ वली आजाद, मोहम्मद फिरोज सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। अंत में सभी पत्रकारों ने एक स्वर में पत्रकार हितों की रक्षा और सुरक्षा कानून लागू होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।