भारी बारिश के बीच नगर पालिका एक्शन में, जलभराव वाले वार्डों में देर रात तक चला राहत और सफाई अभियान
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 31 जुलाई 2026
जिले में विगत कई दिनों से हो रही लगातार भारी वर्षा के कारण उत्पन्न स्थिति को देखते हुए कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद नारायणपुर द्वारा नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राहत एवं व्यवस्थागत कार्य प्रारंभ किए गए हैं।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी रामचंद्र यादव के मार्गदर्शन में नगर पालिका की टीम ने जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल मोर्चा संभाला। नगर के विभिन्न वार्डों में जल निकासी, नालियों की सफाई एवं आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए। लगातार हो रही वर्षा के बावजूद नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी देर रात्रि तक मैदान में डटे रहे। जलभराव वाले स्थानों से पंपों एवं अन्य साधनों के माध्यम से पानी की निकासी कर आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाया गया।
नगर पालिका द्वारा शहर के समस्त वार्डों का गहन निरीक्षण किया गया। जहां-जहां जलजमाव की स्थिति पाई गई, वहां तत्काल प्रभाव से जल निकासी की व्यवस्था की गई। साथ ही नालियों एवं जल निकासी मार्गों की साफ-सफाई कराकर वर्षा जल के सुचारु प्रवाह को सुनिश्चित किया गया। इसके फलस्वरूप अनेक स्थानों पर जलभराव की समस्या का त्वरित निराकरण संभव हो सका और नागरिकों को बड़ी राहत मिली।
जिला प्रशासन एवं नगर पालिका की संयुक्त दल द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। भविष्य में संभावित जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्कता बरतने एवं आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वर्षाकाल में सतर्कता बरतें, जलभराव एवं उफनते नालों वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को उपलब्ध कराएं।
प्रशासन का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और स्थिति सामान्य होने तक राहत कार्य निरंतर जारी रहेंगे।





