भारी बारिश के बीच कलेक्टर-एसपी ने किया जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण, सुरक्षा कड़ी करने के दिए निर्देश

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jul 31, 2026 - 12:56
 0  50
भारी बारिश के बीच कलेक्टर-एसपी ने किया जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण, सुरक्षा कड़ी करने के दिए निर्देश

नारायणपुर, 31 जुलाई 2026

जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इससे अनेक गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हुआ है। स्थिति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर नम्रता जैन एवं एसपी संदीप पटेल ने गुरुवार को जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पालकी के आश्रित पारा चेचनपारा पहुंचीं। वहां उफनते नाले और जलभराव की स्थिति देखकर उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने बिंजली डैम का भी निरीक्षण किया। डैम की मेढ़ पर लोगों की आवाजाही को जोखिमपूर्ण बताते हुए उन्होंने मेढ़ पर बाइक एवं अन्य वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रतिबंध लगाने के आदेश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने कहा कि लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए। लोगों को नदी-नालों, जलमग्न मार्गों और जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने के लिए लगातार जागरूक किया जाए।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, उफनते नदी-नालों को पार न करें और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सभी प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, तहसीलदार सौरभ चौरसिया, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता अशोक चौधरी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उ

पस्थित थे।