वीएसके ऐप की तकनीकी समस्याएं 15 अगस्त तक होंगी दूर, तकनीकी कारण से किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा : शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jul 30, 2026 - 19:18
 0  48
वीएसके ऐप की तकनीकी समस्याएं 15 अगस्त तक होंगी दूर, तकनीकी कारण से किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा : शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव

नारायणपुर, 30 जुलाई 2026 स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि राज्य सरकार शिक्षकों की सुविधा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। वीएसके ऐप को लेकर शिक्षक संगठनों और शिक्षकों से प्राप्त फीडबैक को सरकार ने गंभीरता से लिया है और ऐप में आ रही सभी दिक्कतों को शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को दिए गए हैं।

श्री यादव ने स्पष्ट किया कि वीएसके ऐप में तकनीकी समस्या आने के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे इस संबंध में किसी प्रकार की चिंता न करें। सरकार का लक्ष्य है कि 15 अगस्त तक ऐप को पूरी तरह सुचारु कर दिया जाए, ताकि शिक्षक बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर सकें।

शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के लगभग 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से लगभग डेढ़ लाख शिक्षक यानी करीब 85 प्रतिशत शिक्षक प्रतिदिन वीएसके ऐप के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश के शिक्षक नई तकनीक को अपनाकर शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल कक्षाओं में पढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सरकार उनके अनुशासन, समर्पण और सहयोग का सम्मान करती है।

श्री यादव ने बताया कि शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर वीएसके ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी और प्रभावी बनाया जाएगा। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई होती है तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी और उसे किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पहले की तरह वीएसके ऐप का उपयोग जारी रखें। यदि ऐप के उपयोग में कोई समस्या आती है या कोई सुझाव हो तो उसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं। सरकार प्रत्येक सुझाव पर सकारात्मक रूप से विचार कर आवश्यक सुधार करेगी, जिससे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बन सके।