नारायणपुर में निकलेगी भव्य तिरंगा बाइक रैली, कलेक्टर नम्रता जैन ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 11 अगस्त 2026 को ली गई प्रेस वार में "हर घर तिरंगा" अभियान को लेकर जिला प्रशासन नारायणपुर ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में जिले में एक विशाल तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है।
इस आयोजन को लेकर आज कलेक्ट्रेट स्थित जिला कार्यालय में कलेक्टर नम्रता जैन ने प्रेस वार्ता ली और रैली से जुड़ी सभी जानकारी विस्तार से साझा की। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने रैली के मार्ग और प्रशासनिक तैयारियों के बारे में भी बताया।
कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि इस तिरंगा यात्रा की शुरुआत नारायणपुर के परेड मैदान से होगी। यहां से यात्रा धौड़ाई मार्ग से होते हुए आगे बढ़ेगी और बीच में चार महत्वपूर्ण स्थानों पर रुकते हुए कंधार गांव से होकर पल्ली-बारसूर मार्ग के रास्ते दंतेवाड़ा तक जाएगी।
उन्होंने बताया कि पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। इस बाइक रैली में सुरक्षा के दृष्टिकोण से डीआरजी के जवान भी साथ में मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के सभी आम नागरिकों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस तिरंगा रैली का हिस्सा बनें और इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को सफल बनाएं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रैली में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए बाइक की व्यवस्था स्वयं जिला प्रशासन के द्वारा की जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग देशभक्ति के इस कार्यक्रम से जुड़ सकें और तिरंगे के सम्मान में अपनी सहभागिता दर्ज करा सकें।





