धौड़ाई में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: तेंदुए की खाल के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, दोनों मोटरसाइकिलें भी जब्त
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 10 अगस्त 2026 वनमण्डलाधिकारी के निर्देशन में परिक्षेत्र धौड़ाई के परिक्षेत्र अधिकारी एवं वन कर्मचारियों ने 08 अगस्त 2026 को गश्ती के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। गश्त के दौरान परिक्षेत्र धौड़ाई के गायतापारा सड़क किनारे दो मोटर सायकलों पर सवार होकर तेंदुए की खाल का अवैध परिवहन कर रहे तीन व्यक्तियों को पकड़ा गया।
वन कर्मचारियों ने मौके पर तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से एक तेंदुए की खाल बरामद की। जब्त की गई खाल की लंबाई 184 सेंटीमीटर है। सामने के दोनों पैरों के बीच की लंबाई 125 सेंटीमीटर, पिछले पैरों के बीच की लंबाई 118 सेंटीमीटर तथा पेट की चौड़ाई 55 सेंटीमीटर मापी गई। इस दौरान आरोपियों की दो मोटर सायकल क्रमांक सी0जी0-21/जे-4096 एवं सी0जी0-21/जे-0920 को भी जप्त कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में श्री सोनूराम कचलाम पिता सुखासिंह कचलाम, उम्र 39 वर्ष, जाति गोण्ड, निवासी ग्राम रोहताड़, छोटेडोंगर, श्री पुनीत कुमार बघेल पिता जलधर बघेल, उम्र 32 वर्ष, जाति घसिया, निवासी ग्राम छोटेडोंगर (डुरकाडोंगरी) तथा श्री जमधर पोटाई पिता गागरू, उम्र 50 वर्ष, जाति गोण्ड, निवासी ग्राम तारागांव, धौड़ाई शामिल हैं।
वन विभाग ने तीनों आरोपियों को वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 11, 39, 40(2), 44, 48 (क), 49 (क), 49 (ख), 50 एवं 51 के अंतर्गत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। इस अधिनियम के तहत 07 साल तक की सजा का प्रावधान है। आरोपियों को माननीय मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी महोदय, न्यायालय नारायणपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वन विभाग द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।





