सुशासन एक्सप्रेस से घर-घर पहुंची सरकारी सेवाएं, 32 हजार से ज्यादा आवेदन प्राप्त, आयुष्मान-आधार-निर्वाचन का मिला सबसे अधिक लाभ

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jul 21, 2026 - 19:05
 0  16
सुशासन एक्सप्रेस से घर-घर पहुंची सरकारी सेवाएं, 32 हजार से ज्यादा आवेदन प्राप्त, आयुष्मान-आधार-निर्वाचन का मिला सबसे अधिक लाभ

नारायणपुर, 21 जुलाई 2026 कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार आम नागरिकों तक शासकीय सेवाओं की आसान और त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित सुशासन एक्सप्रेस अभियान को जिलेभर में अच्छा प्रतिसद मिल रहा है। 20 जुलाई 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार सुशासन एक्सप्रेस के माध्यम से कुल 32,152 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 29,598 आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। वर्तमान में 1,500 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं, जिनका निराकरण भी शीघ्र किया जा रहा है। 

          जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर सुशासन एक्सप्रेस के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों को दस्तावेज बनाने, योजनाओं में पंजीयन कराने तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है।

          आंकड़ों के अनुसार आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए सबसे अधिक 5,163 लोगों ने लाभ लिया। इसके अलावा आधार कार्ड से संबंधित 4,805, फॉर्म-6 (निर्वाचन) के 3,901, स्वास्थ्य सेवाओं के 1,704, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के 1,079, तथा बैंक खाता संबंधी 978 मामलों का निराकरण किया गया। वहीं राशन कार्ड के 773, श्रम कार्ड के 456, नरेगा जॉब कार्ड के 421, जाति प्रमाण पत्र के 374, पीएम सम्मान निधि के 282, पेंशन के 258, किसान कार्ड के 190, ई-केवाईसी कृषि के 171, आय एवं निवास प्रमाण पत्र के 143-143 मामलों में भी सेवाएं प्रदान की गईं। 

          इसी प्रकार लर्निंग लाइसेंस के 59, एचएसआरपी नंबर प्लेट के 44, किसान क्रेडिट कार्ड के 20, कृषि यंत्र के 18, ऋण पुस्तिका के 22, नवीन ऋण स्वीकृति के 6, तथा दिव्यांगता सर्वेक्षण के 7 मामलों में भी नागरिकों को लाभ पहुंचाया गया। 

          जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जुलाई माह में सोनपुर, कुंदला, कोहकामेटा, गरपा, कन्हारगांव, ओरछा, छोटेडोंगर, नार, धौड़ाई, इस्तुरमेटा, सुलेगा, कच्चापाल सहित अनेक ग्रामों में सुशासन एक्सप्रेस शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर नागरिकों के आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण कर रहे हैं। 

          जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। सुशासन एक्सप्रेस के माध्यम से विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर अनेक शासकीय सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों का समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है तथा शासन और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है।