नारायणपुर पुलिस की जनहित अपील: हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें — "हेलमेट आज की सुरक्षा है, ताकि कल सुरक्षित और खुशहाल हो"
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 21 जुलाई 2026 सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस ने जनहित में अपील जारी की है। पुलिस का कहना है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने जीवन की सुरक्षा के लिए पहनना अत्यंत आवश्यक है।
नारायणपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहन चालक हमेशा आईएसआई (ISI) प्रमाणित हेलमेट ही पहनें। एक गुणवत्तापूर्ण और सही तरीके से बंधा हुआ हेलमेट दुर्घटना की स्थिति में सिर को गंभीर चोट से बचाने में मदद करता है। इसके साथ ही यह धूल, धुएं और बढ़ते प्रदूषण से भी राहगीरों को सुरक्षा प्रदान करता है।
पुलिस ने अपील में कहा कि "हेलमेट आज की सुरक्षा है, ताकि कल सुरक्षित और खुशहाल हो। लापरवाही का एक पल जीवनभर का पछतावा बन सकता है।"अक्सर देखा गया है कि छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन जाती है। इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह यातायात नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
नारायणपुर पुलिस ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति से वाहन चलाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और हमेशा हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग करें। इससे न केवल आपकी सुरक्षा होगी, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों को भी सुरक्षित रखा जा सकेगा।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन:-
आपातकालीन सहायता के लिए 112 पर और नारायणपुर पुलिस कंट्रोल रूम 9479194299 पर किसी भी समय संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने अंत में कहा — "आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी। आइए, मिलकर बनाएं सुरक्षित नारायणपुर।"
नारायणपुर पुलिस
(आपका माड़ मित्र)





