नारायणपुर में ‘हाइपरटेंशन माह’ का समापन, रैली-प्रदर्शनी से दिया ब्लड प्रेशर जांच का संदेश

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jun 18, 2026 - 14:30
 0  17
नारायणपुर में ‘हाइपरटेंशन माह’ का समापन, रैली-प्रदर्शनी से दिया ब्लड प्रेशर जांच का संदेश

 

विश्व हाइपरटेंशन दिवस के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक माह तक चलाए गए ‘हाइपरटेंशन माह’ का समापन बुधवार को जिला अस्पताल नारायणपुर में जनजागरूकता गतिविधियों के साथ हुआ। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को उच्च रक्तचाप यानी हाइपरटेंशन के खतरों से अवगत कराना और समय पर जांच, संतुलित खानपान व नियमित इलाज के महत्व को समझाना था।  

समापन के मौके पर जीएनएम की छात्राओं ने जिला अस्पताल से जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान छात्राओं ने नारों और संवाद के जरिए लोगों को हाइपरटेंशन के लक्षण, संभावित जोखिम और बचाव के उपाय बताए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच कराएं और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न बरतें। अस्पताल परिसर में छात्राओं ने पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई। इन पोस्टरों में सरल भाषा और चित्रों के माध्यम से हाइपरटेंशन के कारण, लक्षण, बचाव और नियंत्रण के तरीके समझाए गए।  

इसके अलावा अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ ने विस्तार से परामर्श दिया। उन्हें बताया गया कि नियमित दवा लेना, खाने में नमक कम करना, रोजाना व्यायाम करना और तनाव से दूर रहना बेहद जरूरी है। समय-समय पर रक्तचाप की जांच कराने की सलाह भी दी गई।  

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार भोयर, एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. बीएन बनपुरिया, सर्जन डॉ. आदित्य केतकी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुषा सिंह, डॉ. पी धोटे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजीव सिंह, असिस्टेंट नोडल अधिकारी छत्रपाल साहू, साइकियाट्रिक नर्स उमेश कुमार वर्मा, रुद्रनाथ साहू और स्टाफ नर्स राजबती गोटा समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।  

इस अवसर पर डॉ. बीएन बनपुरिया ने कहा कि हाइपरटेंशन एक साइलेंट किलर है। यह शुरुआत में कोई साफ लक्षण नहीं दिखाता, लेकिन समय पर पहचान और इलाज न होने पर दिल, दिमाग और किडनी जैसे जरूरी अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि नियमित जांच, संतुलित आहार, व्यायाम और अनुशासित दिनचर्या से इस बीमारी पर काबू पाया जा सकता है।  

अंत में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने ब्लड प्रेशर की नियमित जांच कराएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों से खुद को सुरक्षित रखें।