नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ के मरकाबेड़ा में खुली शिक्षा की राह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से मिली सफलता

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Apr 8, 2026 - 17:43
 0  164
नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ के मरकाबेड़ा में खुली शिक्षा की राह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से मिली सफलता

नारायणपुर, 08 अप्रैल 2026 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर अंचल से नक्सलवाद के खात्मे के साथ ही अब विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार ने गति पकड़ ली है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे पर केंद्रित प्रयासों का सकारात्मक असर अब दूरस्थ क्षेत्रों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।

इसी कड़ी में कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में अबूझमाड़ के अति दुर्गम क्षेत्र मरकाबेड़ा में पहली बार प्राथमिक शाला का शुभारंभ किया गया है। ग्राम पंचायत गोमे अंतर्गत स्थित यह गांव जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर है और कभी नक्सल गतिविधियों के लिए जाना जाता था। अब प्रशासन की सक्रियता और योजनाबद्ध प्रयासों से यहां शिक्षा की नई शुरुआत हुई है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली है।

मरकाबेड़ा में स्कूल खुलने से कोरोसकोडो सहित आसपास के गांवों के बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें अब शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्कूल स्थापना के लिए संकुल समन्वयक, शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मिलकर कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच नदी-नालों और पहाड़ियों को पार करते हुए 02 अप्रैल को इस पहल को साकार रूप दिया।

शाला प्रारंभ के अवसर पर बच्चों का शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें निःशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तकें और पोषक आहार वितरित किए गए। इस अवसर पर बच्चों और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया तथा ग्रामीणों ने इस पहल के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

वर्तमान में इस विद्यालय में 14 बच्चों के लिए शिक्षा की व्यवस्था की गई है और उनके लिए एक शिक्षक भी नियुक्त किया गया है। यह पहल न केवल शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।