रूपसाय सलाम ने गारपा PHC का लोकार्पण किया, 4500 ग्रामीणों को मिली सौगात; कलेक्टर-एसपी समेत अफसर रहे मौजूद
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 02 जून 2026 जिले के दूरस्थ एवं अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम गारपा में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सहकारी लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान रूपसाय सलाम ने क्षेत्रवासियों को एक महत्वपूर्ण सौगात देते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गारपा का लोकार्पण किया। स्वास्थ्य केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के लगभग 4500 ग्रामीणों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। श्री सलाम ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। गारपा जैसे दुर्गम क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना से स्थानीय लोगों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी तथा समय पर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी।
नवस्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक एमबीबीएस चिकित्सक, एक ग्रामीण चिकित्सा सहायक, चार स्टाफ नर्स सहित कुल 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। स्वास्थ्य केंद्र में सामान्य बीमारियों के उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, प्राथमिक जांच तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण से ग्राम गारपा एवं आसपास के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ होने से लोगों को समय पर उपचार मिलेगा और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों में काफी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो, सीएमएचओ डॉ.टी आर कुंवर सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।





