माड़ मैत्री अभियान के तहत नारायणपुर में पहली बार पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता, विनीत यादव बने 'पावर मैन'
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 02 जून 2026 पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के मार्गदर्शन में नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित ‘माड़ मैत्री’ अभियान के तहत जिले में पहली बार पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। 01 जून को शहीद खोटलूराम कोर्राम पुलिस परफॉर्मेंस सेंटर में हुई इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 30 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी ताकत, अनुशासन व आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।
युवाओं को फिटनेस और खेल गतिविधियों से जोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिता में स्क्वाट, बेंचप्रेस और डेडलिफ्ट स्पर्धाएं कराई गईं। जिले में पहली बार हुए इस आयोजन को खिलाड़ियों और दर्शकों से जबरदस्त प्रतिसाद मिला। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल रहा।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग 60 किलोग्राम से कम में भीम देहारी प्रथम, कन्हैया कुमेटी द्वितीय और धर्मेन्द्र सरकार तृतीय रहे। 70 किलोग्राम से कम वर्ग में गोलू मंडल पहले, चंदन धर दूसरे और विकास सलाम तीसरे स्थान पर रहे। 80 किलोग्राम से कम वर्ग में विनीत यादव ने पहला, भुवन जायसवाल ने दूसरा और पीतांबर ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला ओपन वर्ग में पल्लवी सिंह प्रथम, नेहा जैन द्वितीय और रितु नेताम तृतीय रहीं।
प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन विनीत यादव का रहा। उन्होंने कुल 521 किलोग्राम वजन उठाकर ‘पावर मैन’ का खिताब अपने नाम किया। उनके प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया और वे प्रतियोगिता के मुख्य आकर्षण बने।
नारायणपुर पुलिस ने आयोजन स्थल पर चिकित्सा सहायता, प्राथमिक उपचार, पेयजल समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं, ताकि खिलाड़ियों को कोई असुविधा न हो। समापन पर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान नारायणपुर पुलिस के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक गुड़िया ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता नहीं बढ़ाते, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल और फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।
‘माड़ मैत्री’ अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस लगातार खेल, शिक्षा, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दे रही है। जिले में पहली बार हुई यह पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता युवाओं को मंच देने के साथ फिट और अनुशासित युवा शक्ति के निर्माण की दिशा में अहम पहल साबित हुई है। ‘विग्रह से विश्वास’ की भावना के साथ नारायणपुर पुलिस युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर समाज बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।





