गारपा के घोटुल में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने चखा अबूझमाड़ के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 2 जून 2026 सुशासन तिहार के अंतर्गत नारायणपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अबूझमाड़ के गारपा स्थित घोटुल में स्थानीय आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक खानपान की विशिष्टता का अनुभव किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों द्वारा प्रेमपूर्वक परोसे गए पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और उनकी सराहना की।
भोजन में अबूझमाड़ की पहचान माने जाने वाले चापड़ा चटनी, कोसरा भात, कोलयारी तथा विभिन्न प्रकार की स्थानीय भाजियां, खीर सहित अनेक पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। मुख्यमंत्री श्री साय ने इन व्यंजनों के विशिष्ट स्वाद और पोषण मूल्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्थानीय खाद्य परंपराएं क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, पद्मश्री श्री पंडीराम मण्डावी, गारपा के सरपंच श्री सन्नू राम धुर्वा, गायता, पुजारी तथा वरिष्ठ ग्रामीणजन ने भी मुख्यमंत्री के साथ पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। आत्मीय माहौल में आयोजित इस भोज ने अबूझमाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और अतिथि सत्कार की भावना को जीवंत रूप से प्रदर्शित किया।





