नारायणपुर में ‘माड़ मैत्री’ अभियान के तहत विशाल ड्राइविंग लाइसेंस व यातायात जागरूकता शिविर संपन्न, सैकड़ों ग्रामीण हुए लाभान्वित

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

May 15, 2026 - 21:15
 0  32
नारायणपुर में ‘माड़ मैत्री’ अभियान के तहत विशाल ड्राइविंग लाइसेंस व यातायात जागरूकता शिविर संपन्न, सैकड़ों ग्रामीण हुए लाभान्वित

नारायणपुर, 15 मई 2026- नारायणपुर पुलिस एवं परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “माड़ मैत्री” अभियान के तहत आज जिला मुख्यालय स्थित क्रीड़ा परिसर में विशाल ड्राइविंग लाइसेंस एवं यातायात जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिनसन गुड़िया के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जिले के दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों से आए सैकड़ों ग्रामीण नागरिकों, युवाओं एवं वाहन चालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जनसहभागिता एवं सामुदायिक पुलिसिंग की भावना को सशक्त करते हुए आयोजित इस शिविर को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा ग्रामीणों को तकनीकी एवं विधिक सहायता प्रदान करने में जिला परिवहन कार्यालय नारायणपुर एवं परिवहन सुविधा केंद्र की टीम का विशेष योगदान रहा। 

शिविर में उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारी:-

इस दौरान जिला परिवहन कार्यालय नारायणपुर से कार्यालय अधीक्षक श्री राजाराम घृतलहरे, डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री लीलम्बर नायक, डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री विक्रम सिंह राणा तथा परिवहन सुविधा केंद्र से श्री नीतिश शील, श्री मोहम्मद जैद एवं श्री आकाश बघेल ने सक्रिय रूप से उपस्थित रहकर आवेदकों के दस्तावेजों की जांच की एवं उन्हें ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

शिविर की प्रमुख उपलब्धियां:-

ऑन-द-स्पॉट सहायता एवं मार्गदर्शन:-

परिवहन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, लर्निंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में सरल एवं सहज भाषा में मार्गदर्शन दिया गया। मौके पर ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों का पंजीयन कर उन्हें विधिक प्रक्रियाओं से जोड़ा गया।

यातायात सुरक्षा पर विशेष जागरूकता:-

यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों, ट्रैफिक संकेतों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट की अनिवार्यता पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। उपस्थित नागरिकों को “सुरक्षित यातायात – सुरक्षित जीवन” का संदेश देते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाने की समझाइश दी गई।

अबूझमाड़ क्षेत्र की सक्रिय सहभागिता:-

विशेष रूप से छोटे डोंगर, एडका, भरंडा एवं ओरछा क्षेत्र से आए युवाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। बड़ी संख्या में युवाओं ने ड्राइविंग लाइसेंस हेतु आवेदन कर शासन की सुविधाओं से जुड़ने की दिशा में सकारात्मक पहल दिखाई। यह प्रयास युवाओं को विधिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पुलिस अधीक्षक का संदेश:-

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिनसन गुड़िया ने कहा कि नारायणपुर पुलिस के माड़ मैत्री कार्यक्रम का ध्येय वाक्य “विग्रह से विश्वास” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि जनता के बीच विश्वास निर्माण की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने सफल आयोजन हेतु परिवहन विभाग एवं पुलिस टीम के आपसी समन्वय की सराहना की।

श्री रॉबिनसन गुड़िया ने कहा कि “माड़ मैत्री” अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर आम नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ना, युवाओं को जागरूक करना तथा पुलिस और जनता के बीच आत्मीय संबंध स्थापित करना है।

नारायणपुर पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत इस प्रकार के जन-जागरूकता एवं जनहितैषी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा।