नारायणपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी प्रमोद मड़ावी को मुरियापारा से किया गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट व बीएनएस की धाराओं में भेजा न्यायालय

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

May 14, 2026 - 12:51
 0  74
नारायणपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी प्रमोद मड़ावी को मुरियापारा से किया गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट व बीएनएस की धाराओं में भेजा न्यायालय

नारायणपुर, 14 मई 2026* नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर मुरियापारा से हिरासत में लिया।

थाना नारायणपुर में प्रार्थिया की रिपोर्ट पर नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने संबंधी अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया के निर्देशन में आरोपी की पतासाजी के लिए विशेष टीम गठित की गई। 

विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी प्रमोद मड़ावी पिता राम प्रसाद मंडावी, उम्र 25 वर्ष, निवासी मुरियापारा, नारायणपुर को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

वैधानिक कार्रवाई: -

आरोपी प्रमोद मड़ावी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 64(2)(एम), 65(1), 351(2) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 04, 06 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया ने बताया कि महिला एवं बाल विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और ऐसे प्रकरणों में निश्चित व समयबद्ध कार्रवाई के लिए नारायणपुर पुलिस प्रतिबद्ध है। पुलिस द्वारा पीड़िता को हर संभव विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।