तिहार 2026: ओरछा के रेकावाया शिविर में जनसैलाब, 407 में 197 आवेदनों का मौके पर निराकरण; ईंधन बचत के लिए अधिकारी एक बस से पहुंचे

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

May 16, 2026 - 14:53
 0  25
तिहार 2026: ओरछा के रेकावाया शिविर में जनसैलाब, 407 में 197 आवेदनों का मौके पर निराकरण; ईंधन बचत के लिए अधिकारी एक बस से पहुंचे

नारायणपुर, 16 मई 2026 छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत जनपद पंचायत ओरछा के ग्राम रेकावाया में 15 मई को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। सुदूर अबूझमाड़ क्षेत्र में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों के आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को तत्काल राहत प्रदान की गई।

गौरतलब है कि “सुशासन तिहार 2026” राज्य शासन का व्यापक जनसमस्या निवारण अभियान है, जिसका आयोजन 1 मई से 10 जून 2026 तक प्रदेशभर में किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों तक शासकीय सेवाएं पहुंचाना तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।

*ईंधन बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग का दिया संदेश*

ओरछा विकासखंड के ग्राम रेकावाया में आयोजित इस समाधान शिविर की विशेष बात यह रही कि पहली बार जिला प्रशासन के सहयोग से जिला स्तरीय अधिकारियों को बस के माध्यम से शिविर स्थल तक पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर की गई अपील को अमल में लाते हुए सभी अधिकारी एक ही बस में सवार होकर शिविर पहुंचे।  

 सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को सीधे गांवों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। दूरस्थ अबूझमाड़ क्षेत्र में आयोजित समाधान शिविरों से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है और उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागों कीण योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई। शिविर में कुल 407 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 197 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया, 210 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। स्वास्थ्य विभाग से सर्वाधिक 150 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निराकरण भी किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से 100 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा पीएम किसान योजना से संबंधित 40 आवेदन, राशन कार्ड से जुड़े 44 आवेदन, आधार कार्ड संबंधी 24 आवेदन तथा श्रम विभाग से 23 आवेदन प्राप्त हुए।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर में अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उपस्थित मरीजों की जांच कर त्वरित उपचार उपलब्ध कराया गया।

*एक ही स्थान पर मिली विभिन्न विभागों की सेवाएं*

शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी समझाई। ग्रामीणों से राशन कार्ड, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं श्रम कार्ड बनवाने की अपील भी की। दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने पर संतोष व्यक्त किया।

एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग ने बताया कि सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित ऐसे शिविरों से ग्रामीणों की समस्याओं का तेजी से निराकरण हो रहा है तथा लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है।

शिविर में रेकावाया सरपंच दुमरी कुंजाम, डुंगा सरपंच सुखराम पोडियाम, पिरियाकोट सरपंच चिमरी मंडावी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ. राजेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, जनपद पंचायत सीईओ लोकेश चतुर्वेदी, जिला खाद्य अधिकारी अलाउद्दीन खान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।