जिला अस्पताल नारायणपुर में 10 माह बाद फिर शुरू हुई मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा, 6 मरीजों का सफल ऑपरेशन

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Mar 10, 2026 - 12:39
 0  2

नारायणपुर, 09 मार्च 2026 जिला अस्पताल नारायणपुर में लगभग 10 माह के अंतराल के बाद मोतियाबिंद (कैटरैक्ट) ऑपरेशन की सुविधा पुनः शुरू कर दी गई है। सुविधा शुरू होने के पहले ही दिन अस्पताल में छह मरीजों का सफलतापूर्वक मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन सफल रहने से मरीजों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल देखा गया।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार लंबे समय से क्षेत्र के मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए रायपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। इससे उन्हें आर्थिक और समय दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब जिला अस्पताल में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से नारायणपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को काफी राहत मिलेगी।

अस्पताल की विशेषज्ञ डॉक्टर अनुषा सिंह और ऑपरेशन थियेटर की टीम ने आधुनिक तकनीक और पूरी सावधानी के साथ सभी छह मरीजों का सफल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि आगे भी नियमित रूप से मोतियाबिंद ऑपरेशन किए जाएंगे, ताकि जिले के अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को इस सुविधा का लाभ मिल सके। इससे जिले में नेत्र उपचार सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस पहल को सफल बनाने में जिला प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समन्वय बनाकर इस सुविधा को पुनः शुरू किया, जिससे अब जरूरतमंद मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।