नारायणपुर पुलिस ने होली पर्व के पूर्व निकाला व्यापक फ्लैग मार्च, आमजन से सहयोग की अपील
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 2 मार्च 2026 - आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 02.03.2026 को नारायणपुर पुलिस द्वारा नगर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च पुलिस लाइन नारायणपुर से प्रारंभ होकर कुम्हारपारा, बुधवारी बाजार, बखरूपारा, गरांजी, शांति नगर, बांग्लापारा, सोनी होटल चौक, सोनपुर चौक, पाठक चौक, चांदनी चौक, पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड एवं नयापारा होते हुए हाई स्कूल ग्राउंड में समाप्त हुआ।
फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, विशेष बल एवं पर्याप्त पुलिस बल शामिल रहे। मुख्य बाजारों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष रूप से गश्त कर आम नागरिकों, व्यापारियों एवं युवाओं से संवाद स्थापित किया गया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा नागरिकों को निम्न बातों के संबंध में जागरूक किया गया—
- होली पर्व आपसी भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है, इसे शांति एवं सद्भाव के साथ मनाएं।
- जबरन रंग लगाने, हुड़दंग अथवा सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी गतिविधियों से दूर रहें।
- शराब सेवन कर वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें।
- महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
- सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें।
- किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा कंट्रोल रूम के नंबर(9479194299) पर दें।
नारायणपुर पुलिस आमजन के सहयोग से “शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित होली” सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था हेतु व्यापक इंतजाम किए गए हैं।





