ओरछा में सेवा संकल्प शिविर: 237 मरीजों का उपचार, 48 मलेरिया पॉजिटिव सहित एनीमिया-मधुमेह के मरीज चिन्हांकित

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Oct 2, 2026 - 20:26
 0  12
ओरछा में सेवा संकल्प शिविर: 237 मरीजों का उपचार, 48 मलेरिया पॉजिटिव सहित एनीमिया-मधुमेह के मरीज चिन्हांकित

नारायणपुर, 02 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओरछा में 30 सितम्बर को स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 237 मरीजों का उपचार किया गया। स्वास्थ्य टीम ने मरीजों की समस्याओं के अनुसार आवश्यक जांचें कर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।

                 शिविर में मलेरिया की 169 जांचें की गईं, जिनमें 41 पीएफ एवं 7 पीवी पॉजिटिव पाए गए। वहीं, 146 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच में 39 में इसका स्तर कम मिला। रक्त शर्करा की 138 जांचों में 6 लोगों का स्तर अधिक पाया गया। इसके अलावा उच्च रक्तचाप और सिकल सेल की जांच में भी प्रभावित मरीजों की पहचान हुई। जांच में स्वास्थ्य समस्याएं पाए जाने पर संबंधित मरीजों को आवश्यक उपचार दिया गया। इन मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि आगे भी जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

महिला स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 19 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। शिविर में आंखों की जांच एवं दंत चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। क्षय रोग की जांच के लिए बलगम के नमूने एकत्र किए गए। इसके साथ ही एचआईवी, हेपेटाइटिस, डेंगू, टाइफाइड तथा लिवर, किडनी और थायरॉइड सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं।

                शिविर के दौरान दो हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। इस आयोजन से क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों और उपचार की सुविधा मिली। साथ ही बीमारियों की पहचान कर मरीजों को आगे की स्वास्थ्य देखभाल से जोड़ने में सहायता मिली।