नारायणपुर में 4 साल से फरार हत्या के 3 आरोपी गिरफ्तार, टेकानार हत्याकांड में धनोरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Oct 7, 2026 - 23:08
 0  96
नारायणपुर में 4 साल से फरार हत्या के 3 आरोपी गिरफ्तार, टेकानार हत्याकांड में धनोरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता

नारायणपुर, 7 अक्टूबर 2026 जिले के धनोरा थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब चार साल से फरार चल रहे हत्या के तीन आरोपियों को धनोरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्या चंद्राकर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार थाना धनोरा में वर्ष 2022 में अपराध क्रमांक 05/2022 धारा 302, 34 भादवि के तहत ग्राम टेकानार में हुई हत्या का मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से इस प्रकरण में शामिल आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस की पकड़ से बच रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय पुलिस अधिकारी छोटे डोंगर मनोज मंडावी एवं थाना प्रभारी धनोरा सत्यवान सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित कर आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। पुलिस द्वारा उनके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही थी।

पुलिस के सतत प्रयासों के बाद आखिरकार 6 अक्टूबर 2026 को तीनों फरार आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनी पोयाम उर्फ कोइड़ा दण्डामी पिता आयत राम पोयाम उम्र 27 वर्ष, सीता राम उसेंडी पिता स्वर्गीय सोनू राम उसेंडी उम्र 22 वर्ष और सुखराम उसेंडी पिता स्वर्गीय बोंडूंगा राम उसेंडी उम्र 41 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम टेकानार थाना धनोरा के ही रहने वाले हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद 7 अक्टूबर को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। नारायणपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध कितना भी पुराना हो, आरोपी कानून से बच नहीं सकते। जिले में गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।