*अबूझमाड़ में शिक्षा की नई सुबह: नक्सलवाद की छाया से निकलकर 941 बच्चे लौटे ज्ञान की रोशनी में

Oct 1, 2026 - 19:49
 0  27
*अबूझमाड़ में शिक्षा की नई सुबह: नक्सलवाद की छाया से निकलकर 941 बच्चे लौटे ज्ञान की रोशनी में

नारायणपुर, 01 अक्टूबर 2026 घने जंगलों, बीहड़ पहाड़ियों, नदी-नालों, दुर्गम और कठिन रास्तों से घिरा अबूझमाड़ लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों के कारण विकास की मुख्यधारा से प्रभावित रहा। यहां की भौगोलिक दुर्गमता के साथ-साथ नक्सलियों की गतिविधियां भी शिक्षा के लिए बड़ी चुनौती बनी रहीं। कई स्थानों पर विद्यालयों का संचालन बंद करना पड़ा और अनेक बच्चे शिक्षा से वंचित हो गए। लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। नक्सलवाद के उन्मूलन और क्षेत्र में बदले सुरक्षा एवं विकास के वातावरण के साथ अबूझमाड़ में शिक्षा की नई सुबह दिखाई दे रही है। जिन विद्यालयों में कभी सन्नाटा पसरा रहता था, आज वहां बच्चों की आवाजें और पढ़ाई की गूंज सुनाई दे रही है। विकासखण्ड अबूझमाड़-ओरछा में नक्सलियों द्वारा बंद कराए गए 10 विद्यालयों को पुनः प्रारंभ किया गया है। इन विद्यालयों में वर्तमान में 243 बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। यह केवल विद्यालयों के पुनः संचालन की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन क्षेत्रों में शिक्षा की वापसी का संकेत है, जहां लंबे समय तक विपरीत परिस्थितियों का असर रहा।

इसी क्रम में नियद नेल्लांर योजना के अंतर्गत अबूझमाड़ के दुर्गम क्षेत्रों में 04 प्राथमिक शालाएं—प्राथमिक शाला जड़ड़ा, प्राथमिक शाला ताड़ोबेडा, प्राथमिक शाला इरकभट्टी एवं प्राथमिक शाला एनमेटा प्रारंभ कर संचालित की जा रही हैं। इन विद्यालयों से 115 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। जिला प्रशासन ने उन बच्चों तक भी शिक्षा पहुंचाने की पहल की, जो कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अन्य कारणों से विद्यालय से दूर हो गए थे। ‘स्कूल केईंता’ अभियान के अंतर्गत पूरे अबूझमाड़ क्षेत्र का सर्वे कराया गया तथा शाला त्यागी एवं अप्रवेशी बच्चों को चिन्हांकित किया गया। इन बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 33 वैकल्पिक शालाओं का संचालन प्रारंभ किया गया है। इन वैकल्पिक शालाओं में लगभग 583 बच्चे अध्ययनरत हैं, साथ ही उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है।

इस तरह अबूझमाड़ में 10 पुनः प्रारंभ विद्यालयों के 243 बच्चे, नियद नेल्लांर योजना के 04 विद्यालयों के 115 बच्चे तथा 33 वैकल्पिक शालाओं के लगभग 583 बच्चे—कुल लगभग 941 बच्चे शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं। अबूझमाड़ की यह तस्वीर उस बदलाव की कहानी कहती है, जहां कभी घने जंगल, ऊंचे पहाड़, नदी-नाले, दुर्गम

 पगडंडियां और नक्सल गतिविधियां बच्चों की शिक्षा की राह में बाधा बनती थीं, वहीं आज उन्हीं इलाकों में विद्यालय संचालित हो रहे हैं और बच्चे किताबों के साथ अपने भविष्य की नई इबारत लिख रहे हैं। अबूझमाड़ में यह परिवर्तन केवल स्कूलों के खुलने तक सीमित नहीं है। यह विश्वास के लौटने, बच्चों के भविष्य को संवारने और शिक्षा को अंतिम छोर तक पहुंचाने की एक महत्वपूर्ण यात्रा है। दुर्गम भूगोल के बीच जलती शिक्षा की यह लौ अबूझमाड़ के बदलते स्वरूप और एक नई उम्मीद की पहचान बन रही है।