नारायणपुर : नक्सल मुक्ति के बाद भी नहीं रुका सर्च अभियान, डुंगा-रेकावाया के जंगल से भारी मात्रा में मशीनरी उपकरण बरामद

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Nov 14, 2026 - 20:21
 0  26
नारायणपुर : नक्सल मुक्ति के बाद भी नहीं रुका सर्च अभियान, डुंगा-रेकावाया के जंगल से भारी मात्रा में मशीनरी उपकरण बरामद

नारायणपुर, 14 नवंबर 2026 : नक्सल मुक्ति के बाद भी नारायणपुर जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों का सघन सर्च अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीम ने ग्राम डुंगा एवं रेकावाया के जंगल क्षेत्र में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान भारी मात्रा में मशीनरी उपकरण एवं तकनीकी सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार एवं श्री ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी श्री मनोज कुमार मंडावी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। दिनांक 13 नवंबर 2026 को डीआरजी की टीम ने डुंगा एवं रेकावाया के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी ली, जहां से विभिन्न प्रकार के उपकरण मिले।

सर्च अभियान के दौरान बरामद सामग्री में 02 ड्रिल मशीन, 02 वेल्डिंग मशीन, ड्रिल मशीन में लगाने वाला मोटर, आर बॉक्स वायर, स्प्रिंग वायर, 01 कटर मशीन, 03 ब्लोअर, 01 बेंच ग्राइंडर, लोहा पकड़ने के लिए बाइंडर, 01 टेबल ड्रिल मशीन, 02 टेबल ग्राइंडर, 02 वेल्डिंग होल्डर, 01 समानांतर कीट, 01 रॉकेट सेट, 13 वायरिंग बोर्ड, इंसान ग्राइंडिंग बनाने वाला 01 उपकरण, मोटर में लगाने वाला 02 कप सीटर, ड्रिल बिट, टेप रिंच, स्पैनर, वी-बेल्ट और बेंच वाइस शामिल हैं।

नारायणपुर पुलिस का कहना है कि नक्सल मुक्ति के बाद भी क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सघन सर्च अभियान जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विकास का वातावरण बना रहे।