नारायणपुर : मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद में फावड़े से मारकर की हत्या, कुकड़ाझोर पुलिस ने आरोपी परदेशी राम नेताम को किया गिरफ्तार
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 18 नवंबर 2026 : थाना कुकड़ाझोर क्षेत्र के ग्राम कोचवाही में मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद में मारपीट से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु के मामले में नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार एवं श्री ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री अजय सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी कुकड़ाझोर श्री कृष्णा साहू द्वारा यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोचवाही में स्कूल में किए गए कार्य की मजदूरी के पैसों को लेकर रंजन यादव एवं आरोपी परदेशी राम नेताम के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दिनांक 11 नवंबर 2026 को आरोपी द्वारा रंजन यादव के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर एवं शरीर में गंभीर चोटें आईं।
घायल रंजन यादव को उपचार हेतु जिला अस्पताल नारायणपुर में भर्ती कराया गया, जहाँ से बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान दिनांक 15 नवंबर 2026 को रायपुर में उसकी मृत्यु हो गई
मामले की गंभीरता को देखते हुए नारायणपुर पुलिस द्वारा त्वरित विवेचना एवं कार्रवाई की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी परदेशी राम नेताम द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार की गई। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।
प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी परदेशी राम नेताम, पिता अंकूराम नेताम, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कोचवाही (गौठानपारा), थाना कुकड़ाझोर, जिला नारायणपुर को दिनांक 17 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना कुकड़ाझोर में अपराध क्रमांक 07/2026, धारा 296, 115(2), 351(2), 103 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी को दिनांक 17 नवंबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
नारायणपुर पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





