नारायणपुर : नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने दबोचा, न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 12 नवंबर 2026 : थाना एडका क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के गंभीर मामले में नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी बेनूर श्री अविनाश कंवर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी एडका श्री सुशील सोम एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 06.11.2026 को पीड़िता के पिता ने थाना एडका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर थाना एडका में अपराध क्रमांक 11/2026, धारा 137(2), 64, 64(2)(M), 65(1), 351(2) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पीड़िता का बयान दर्ज कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर आरोपी एवेंद्र चंदेल उर्फ ईनू, पिता जगन्नाथ चंदेल, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कोलियाभाठा, थाना भरंडा, जिला नारायणपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को दिनांक 12.11.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस की अपील-
नारायणपुर पुलिस ने कहा है कि महिला एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। ऐसे मामलों में नारायणपुर पुलिस द्वारा त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।





