नारायणपुर में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं टीबी स्क्रीनिंग अभियान जारी, 32 मरीजों की पहचान

Feb 28, 2026 - 20:48
 0  16
नारायणपुर में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं टीबी स्क्रीनिंग अभियान जारी, 32 मरीजों की पहचान

नारायणपुर 28 फरवरी 2026 जिले मे संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत् जिला क्षय उन्मूलन कार्यक्रम द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच एवं टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जिले के विभिन्न ब्लॉकों में सक्रिय रूप से जांच एवं जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। अभियान के तहत ओरछा एवं नारायणपुर विकासखण्ड से 541 बलगम नमूनों की जांच की गई। ओरछा ब्लॉक में ट्रूनट मशीन से 50 जांच की गई। नारायणपुर ब्लॉक में ट्रूनट एवं सीबीएनएएटी के माध्यम से 491 जांच की गई। जांच के दौरान ओरछा

 विकासखण्ड में 07 एवं नारायणपुर विकासखण्ड में 24 मरीज पॉजिटिव पाए गए, इस प्रकार 32 मरीजों की पहचान की गई है। सभी मरीज वर्तमान में उपचाराधीन हैं। इसके अतिरिक्त एक्स-रे जांच में 02 मरीजों में टीबी की पुष्टि की गई। उप जेल नारायणपुर में भी विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 95 बंदियों का टीबी स्क्रीनिंग किया गया। संदेहास्पद पाए गए 05 बंदियों के बलगम नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। किशोरी बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित हेल्थ कैंप में किशोरियों को टीबी के लक्षण, बचाव एवं पोषण संबंधी जानकारी दी गई तथा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। कलेक्टर के निर्देशानुसार ओरछा विकासखण्ड के ग्राम जटवर में विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 64 संदेहास्पद व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 02 व्यक्तियों के सैंपल जांच हेतु लिए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सक्रिय स्क्रीनिंग, समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित कर जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन कम होना या रात में पसीना आने जैसे लक्षण हों तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जनसहभागिता एवं सतत निगरानी के माध्यम से नारायणपुर को शीघ्र ही टीबी मुक्त घोषित किया जा सके।