नारायणपुर में 19 अप्रैल को निःशुल्क महा स्वास्थ्य शिविर, अबूझमाड़ तक पहुंचेगी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 19अप्रैल 2026 जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने और अबूझमाड़ के सुदूर क्षेत्रों तक बेहतर इलाज पहुंचाने के उद्देश्य से 19 अप्रैल 2026 को नारायणपुर के बालक हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में निःशुल्क महा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर नम्रता जैन ने सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए पंजीयन काउंटर, पेयजल, भोजन, छाया, कूलर, वालंटियर व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों में पूर्व स्वास्थ्य जांच अभियान चलाकर अधिक से अधिक मरीजों को शिविर से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कुंवर ने बताया कि शिविर में हड्डी रोग, मेडिसिन, जनरल सर्जरी, ईएनटी, चर्म रोग, स्त्री एवं शिशु रोग, नेत्र, हृदय, कैंसर सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही ब्लड डोनेशन कैंप, आयुष परामर्श एवं जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि अबूझमाड़ के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो और हर पात्र व्यक्ति को समय पर उपचार मिल सके।





