बस्तर रेंज आरक्षक भर्ती 2023-24: चयन सूची और प्रतीक्षा सूची जारी

Dec 9, 2025 - 16:38
 0  30
बस्तर रेंज आरक्षक भर्ती 2023-24: चयन सूची और प्रतीक्षा सूची जारी

⚫ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदत्त स्वीकृति के अनुसार, पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा जिला पुलिस बल में आरक्षक संवर्ग के सीधी भर्ती के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु दिनांक 04.10.2023 को विज्ञापन जारी कर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई।

⚫आरक्षक भर्ती प्रक्रिया 2023-24 के लिए बस्तर रेंज में दो समितियों का गठन किया गया था। भर्ती केन्द्र-1, जगदलपुर में जिलों सुकमा, बीजापुर, बस्तर एवं दंतेवाड़ा हेतु श्री शलभ सिन्हा, पुलिस अधीक्षक बस्तर जिला की अध्यक्षता में समिति बनाई गई।

⚫ इसी प्रकार, भर्ती केन्द्र-2 कोंडागांव में जिलों नारायणपुर, कोंडागांव एवं कांकेर हेतु श्री पंकज चन्द्रा, पुलिस अधीक्षक कोंडागांव जिला की अध्यक्षता में समिति गठित की गई।

 ⚫ आरक्षक भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023-24 अंतर्गत परीक्षा केन्द्र-1 (बस्तर) जगदलपुर के तहत जिला बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा एवं बीजापुर तथा केन्द्र-2 (कोंडागांव) के तहत जिला नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर में विज्ञापित पदों के अनुसार प्रथम चरण में अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जाँच, शारीरिक नाप-जोख एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन 16.11.2024 से 18.01.2025 तक 05वीं वाहिनी छसबल कंगोली, जगदलपुर एवं पुलिस लाइन कोंडागांव में किया गया।

⚫ आरक्षक भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023-24 अंतर्गत प्रथम चरण में योग्य पाए गए अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा दिनांक 14.09.2025 को किया गया।

⚫ आरक्षक भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023-24 अंतर्गत आरक्षक (चालक) एवं आरक्षक (ट्रेड) संवर्ग के ट्रेड टेस्ट का आयोजन 17.11.2025 से 19.11.2025 तक किया गया।

⚫ आरक्षक भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023-24 अंतर्गत विज्ञापित पदों की पूर्ति हेतु चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात, पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, जगदलपुर द्वारा चयन/प्रतीक्षा सूची अनुमोदित किए जाने उपरांत, आज दिनांक 09.12.2025 को संलग्न सूची अनुसार चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची जारी की जाती है।

⚫ उल्लेखनीय है कि आरक्षक भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बस्तर रेंज के सभी सात जिलों में स्वीकृत 1592 आरक्षक पदों के विरुद्ध परिणाम घोषित किए गए हैं। इनमें—

• जिला नारायणपुर में 470 आरक्षक

• जिला बीजापुर में 337 आरक्षक

• जिला बस्तर में 334 आरक्षक

• जिला सुकमा में 128 आरक्षक

• जिला कांकेर में 125 आरक्षक

• जिला कोंडागांव में 103 आरक्षक

• जिला दंतेवाड़ा में 55 आरक्षक

—के स्वीकृत पदों के अनुसार चयन किया गया है।

 ⚫ विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि कुल 1,592 आरक्षकों में से 464 महिला अभ्यर्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलतापूर्वक चयन प्राप्त किया है, जो बस्तर रेंज में महिला भागीदारी को सशक्त रूप से दर्शाता है।

⚫ इसी प्रकार, आरक्षक मोटर वाहन चालक एवं अन्य ट्रेड आरक्षक पदों हेतु बस्तर रेंज के समस्त जिलों में कुल 91 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिससे पुलिस बल की गतिशीलता, तकनीकी दक्षता तथा परिचालन क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।

⚫ पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज श्री सुन्दरराज पट्टीलिंगम ने कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ शासन तथा पुलिस मुख्यालय की जन-केंद्रित बुनियादी पुलिसिंग की प्राथमिकताओं को और अधिक सशक्त बनाएगी।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नव-नियुक्त आरक्षकों की बस्तर पुलिस में नियुक्ति से बस्तर रेंज के सभी सातों जिलों में और बेहतर जन-सेवा-उन्मुख एवं पेशेवर पुलिसिंग को सुदृढ़ता मिलेगी, जिससे जनता की अपेक्षानुसार क्षेत्र में सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति और अधिक प्रभावी होगी।