17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान: जनभागीदारी से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार और विकसित भारत 2047 का संकल्प
नारायणपुर, 07 सितंबर 2026 कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का “सेवा संकल्प अभियान” आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना, विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना, केन्द्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना तथा प्रत्येक परिवार की सहभागिता के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत जिला स्तर पर विभिन्न गतिविधियों के लिए नोडल विभाग तथा सहयोगी एवं समन्वय विभाग निर्धारित किए गए हैं। जिले में इन गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की होगी।
अभियान के दौरान “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के तहत प्रत्येक परिवार स्तर पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। बच्चों के सपनों का भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। वहीं “नमो सेवा गाथा” के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनसेवा एवं शासन की योजनाओं का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
इसी क्रम में आंगन का उत्सव—आंगनबाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद, “कहानी बदलाव की” के माध्यम से लाभार्थियों की वास्तविक सफलता की कहानियों का प्रसार, “विकसित भारत संकल्प यात्रा” के तहत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण, “सेवा ज्योति यात्रा”, “जल जन सेवा संकल्प” तथा “सेवा-मेगा योगदान” जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
अभियान के अंतर्गत “सेवा सेतु अभियान” के माध्यम से विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित कर नागरिकों को शासन की सेवाओं और योजनाओं से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा “रंगीलो राष्ट्र/भारत मंडल”, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज तथा “जनसेवक महाकुंभ” जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर नम्रता जैन के द्वारा सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित गतिविधियों का समय-सीमा में प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान का प्रमुख उद्देश्य जनसेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण को एक साथ जोड़ते हुए विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करना है।





