बिंजली डेम में बाढ़ बचाव का मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने नगर सेना मुस्तैद

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Aug 20, 2026 - 19:51
 0  28
बिंजली डेम में बाढ़ बचाव का मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने नगर सेना मुस्तैद

नारायणपुर, 20 अगस्त 2026 मानसून के दौरान संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार बुधवार को जिला मुख्यालय के समीप स्थित बिंजली डेम में आपदा प्रबंधन के तहत बाढ़ बचाव का मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। 

इस मॉक ड्रिल में राजस्व, पुलिस, वन, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, जनपद पंचायत सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य बाढ़ की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना और उन्हें तत्काल प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था। नगर सेना के जवानों ने बचाव कार्य का लाइव प्रदर्शन किया।

जिला नगर सेनानी मनोहर लाल चौहान ने बताया कि मानसून के दौरान बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए नगर सेना पूरी तरह मुस्तैद है। आपदा प्रबंधन के तहत इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों के लिए राहत कैम्प की व्यवस्था की जाएगी। बाढ़ बचाव के लिए विभाग के पास एक एल्युमिनियम बोट उपलब्ध है, जिसमें एक साथ 10 से 12 लोगों का रेस्क्यू किया जा सकता है। इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक बचाव सामग्री की भी पर्याप्त व्यवस्था रखी गई है।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर बिरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डिप्टी कलेक्टर सौरभ दीवान, खाद्य अधिकारी अल्लाहउद्दीन खान सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मॉक ड्रिल का अवलोकन कर नगर सेना के जवानों की तत्परता और बचाव कौशल की सराहना की। 

प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के मॉक ड्रिल से आपदा के समय त्वरित और समन्वित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।