जिला नारायणपुर में पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल द्वारा जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Aug 14, 2026 - 20:37
 0  19
जिला नारायणपुर में पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल द्वारा जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ

नारायणपुर, 13 अगस्त 2026 - साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर रोक लगाने और आम नागरिकों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।

देश की आजादी के 80वें वर्ष में आजादी की भावना से प्रेरित यह अभियान जनभागीदारी के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का एक अभिनव प्रयास है।

रायपुर में हुआ प्रदेश स्तरीय शुभारंभ 

अभियान का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ राजधानी रायपुर में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं माननीय उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा के कर-कमलों द्वारा किया गया। प्रदेश स्तरीय शुभारंभ के पश्चात सभी जिलों में जिला स्तरीय शुभारंभ किए जा रहे हैं।

नारायणपुर में SP संदीप पटेल ने किया जिला स्तरीय शुभारंभ  

इसी कड़ी में आज जिला नारायणपुर में पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान “साइबर जागृति अभियान” का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अभियान का लोगो एवं QR कोड का विमोचन भी किया गया।

साइबर ठगी से बचाव ही अभियान का मुख्य उद्देश्य  

प्रेस वार्ता में SP श्री संदीप पटेल ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के तरीके लगातार बदल रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी लोन ऐप, जॉब फ्रॉड और फिशिंग जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। इनसे बचाव के लिए आम जनता में जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर छत्तीसगढ़ पुलिस ने यह प्रदेशव्यापी अभियान शुरू किया है।

"साइबर जागृति की एक सेल्फी" अभियान की पहचान*  

अभियान की मुख्य थीम "साइबर जागृति की एक सेल्फी" रखी गई है। इसके तहत नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस और जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर दिए गए लिंक या QR कोड को स्कैन कर "साइबर जागृति" फ्रेम में अपनी सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट और शेयर करेंगे। इससे साइबर सुरक्षा का संदेश लाखों लोगों तक पहुंचेगा।

नारायणपुर SP  श्री संदीप पटेल ने सामाजिक संगठनों, व्यापारी संघ, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, युवाओं और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

7 सप्ताह तक चलेंगे विशेष जागरूकता कार्यक्रम  -

नारायणपुर पुलिस द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए 7 सप्ताह तक अलग-अलग वर्गों को केंद्रित कर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:

1. पहला सप्ताह: स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा की जानकारी।

2. दूसरा सप्ताह: बैंकों के सहयोग से वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई फ्रॉड से बचाव पर जागरूकता।

3. तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के लिए टाउन हॉल - डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से बचाव।

4. चौथा सप्ताह: महिला समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी और सेफ ब्राउज़िंग पर चर्चा।

5. पांचवां सप्ताह: युवाओं के लिए रोजगार कार्यालय और ITI में जॉब फ्रॉड व फिशिंग से बचाव।

6. छठवां सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर अभियान।

7. सातवां सप्ताह: ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में "साइबर मुक्त छत्तीसगढ़" का संकल्प।

व्यापक प्रचार-प्रसार

जिला पुलिस द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर लगाए जाएंगे। साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप और पुलिस के सोशल मीडिया पेजों के माध्यम से भी जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे।

02 अक्टूबर को होगा समापन

अभियान का समापन गांधी जयंती के दिन "साइबर मुक्त छत्तीसगढ़" के सामूहिक संकल्प के साथ किया जाएगा।

अंत में SP श्री संदीप पटेल ने कहा - "साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई सिर्फ पुलिस की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सतर्क रहें, किसी को OTP या बैंक डिटेल न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर दें।"

जागरूक बनें, सुरक्षित रहें —

साइबर अपराध के विरुद्ध एकजुट हों।”