नक्सल मोर्चे पर अदम्य साहस का सम्मान: नारायणपुर के 32 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक, SP संदीप पटेल और पूर्व SP रॉबिन्सन गुड़िया भी सम्मानित

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Aug 15, 2026 - 14:21
 0  41
नक्सल मोर्चे पर अदम्य साहस का सम्मान: नारायणपुर के 32 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक, SP संदीप पटेल और पूर्व SP रॉबिन्सन गुड़िया भी सम्मानित

नारायणपुर_ - देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नारायणपुर पुलिस के माथे पर एक और गौरव का तिलक लगा है। नक्सल प्रभावित दुर्गम क्षेत्रों में मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राणों की परवाह किए बिना अदम्य साहस, अटूट निष्ठा और कर्तव्यपरायणता का परिचय देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को प्रतिष्ठित "वीरता पदक - Gallantry Medal" से सम्मानित कर गौरवान्वित किया गया है।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इस वर्ष प्रदेश के कुल 141 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को वीरता पदक से अलंकृत किया गया है। यह नारायणपुर जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि इन 141 वीरों में से 32 अधिकारी एवं जवान नारायणपुर जिले में पदस्थ रहे हैं अथवा वर्तमान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। नक्सल मोर्चे पर आतंक के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ते हुए इन्होंने जो शौर्य और समर्पण दिखाया है, वह संपूर्ण प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

गौरवशाली नाम जो बने नारायणपुर की पहचान

इस प्रतिष्ठित सम्मान सूची में नारायणपुर के दो पुलिस अधीक्षकों का नाम भी स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हुआ है।  

1.श्री रॉबिन्सन गुड़िया, भारतीय पुलिस सेवा - नारायणपुर के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक  

2. श्री संदीप कुमार पटेल, भारतीय पुलिस सेवा - नारायणपुर के वर्तमान पुलिस अधीक्षक  

नक्सल विरोधी अभियानों में रणनीतिक नेतृत्व, अदम्य साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए दोनों ही अधिकारियों को यह वीरता पदक प्रदान किया गया है।

इसी के साथ नारायणपुर जिले में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके श्री विनय कुमार साहू एवं श्री प्रशांत देवांगन को भी नक्सल मोर्चे पर दिखाई गई असाधारण सूझबूझ, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए वीरता पदक से सम्मानित किया गया है।

त्याग, तपस्या और बलिदान की कहानी

नक्सल प्रभावित एवं चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में रहकर इन वीर अधिकारियों एवं जवानों ने न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखी, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास भी जगाया। घने जंगलों, विषम मौसम और जानलेवा खतरों के बीच इन्होंने उत्कृष्ट रणनीतिक कौशल, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचय दिया। राष्ट्र और समाज की सुरक्षा को सर्वोपरि रखकर किए गए इनके शौर्यपूर्ण कार्यों के सम्मान में ही उन्हें यह प्रतिष्ठित वीरता पदक प्रदान किया गया है।

प्रेरणा का स्रोत बना यह सम्मान

पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने कहा कि _"स्वतंत्रता दिवस पर मिला यह सम्मान केवल पदक नहीं है, यह उन सभी शहीदों और वीर जवानों के बलिदान का प्रतीक है जिन्होंने नक्सलवाद के खात्मे के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। यह सम्मान पूरे नारायणपुर पुलिस परिवार को और अधिक निर्भीकता, निष्ठा और अनुशासन के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा देता है।"_ 

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध अंतिम लड़ाई तक नारायणपुर पुलिस का मनोबल इसी प्रकार ऊंचा रहेगा और शांति एवं विकास के लिए कार्य निरंतर जारी रहेगा।

बधाई एवं शुभकामनाएं

नारायणपुर पुलिस परिवार श्री रॉबिन्सन गुड़िया, भा.पु.से., श्री संदीप कुमार पटेल, भा.पु.से., 

श्री विनय कुमार साहू, श्री प्रशांत देवांगन सहित वीरता पदक से सम्मानित सभी 32 अधिकारियों एवं जवानों को इस ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हृदय से बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित करता है। 

"यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जब कर्तव्य के प्रति समर्पण और देशभक्ति का जज्बा हो, तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।"