निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना से छात्राओं के चेहरे खिले, स्कूल आने-जाने में मिली बड़ी सुविधा
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 06 अगस्त 2026 छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर में पात्र छात्राओं को सायकलों का वितरण किया गया। सायकल मिलने से छात्राओं में खुशी की लहर देखी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इन्द्रप्रसाद बघेल ने कहा कि यह योजना बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सायकल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और वे आत्मविश्वास के साथ अपने शैक्षणिक लक्ष्य प्राप्त कर सकेंगी।
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी ने कहा कि यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इससे उनकी शिक्षा तक पहुंच आसान होगी और वे बिना किसी कठिनाई के नियमित रूप से विद्यालय जा सकेंगी।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज बागड़े ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सरस्वती सायकल योजना बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासन की एक प्रभावी पहल है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद कोरी ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और छात्राओं को उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारना चाहिए।
इस अवसर पर उपसंचालक समाज कल्याण श्याम सुंदर रैदास, वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद हेमंत कुमार पात्र, समिति की उपाध्यक्ष महादेवी यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। सायकल प्राप्त कर छात्राओं सरस्वती नेताम, गोपी पोटाई और भागवती वड्डे ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने कहा कि अब उन्हें स्कूल आने-जाने में आसानी होगी और वे नियमित अध्ययन कर अपने सपनों को साकार कर सकेंगी।





