रामकृष्ण मिशन नारायणपुर में AIFF U-17 महिला यूथ लीग 2026-27 का शुभारंभ
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर (छत्तीसगढ़), 18 जुलाई।
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) द्वारा आयोजित AIFF U-17 Women's Youth League 2026-27 का शुभारंभ आज प्रातः 7:30 बजे रामकृष्ण मिशन, नारायणपुर में भव्य समारोह के साथ हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन नारायणपुर जिले के पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल, रामकृष्ण मिशन नारायणपुर के सचिव स्वामी व्याप्तानन्द जी तथा रामकृष्ण मिशन आश्रम, ग्वालियर के सचिव स्वामी कृष्णामृतानन्द जी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के कार्यकारी सदस्य एवं छत्तीसगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन के सहायक महासचिव श्री मोहन लाल जी तथा AIFF की अधिकारी सुश्री नेहा चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
उद्घाटन मुकाबला KMP XI, पुणे एवं रूट्स फुटबॉल अकादमी, बेंगलुरु के बीच खेला गया। मैच में KMP XI, पुणे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6-1 के एकतरफा अंतर से विजय प्राप्त की।
यह प्रतिष्ठित लीग देशभर की उभरती हुई महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। रामकृष्ण मिशन, नारायणपुर में इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन से क्षेत्र में महिला फुटबॉल के विकास को नई गति मिलने के साथ-साथ खेल संस्कृति को भी व्यापक प्रोत्साहन मिलेगा।





