बारिश के बाद स्वामी आत्मानंद स्कूल बखरूपारा में जलभराव, प्रशासन से निकासी व्यवस्था की मांग
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
मानसून की शुरुआत के साथ ही नारायणपुर जिले के बखरूपारा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय बखरूपारा में जलभराव की समस्या सामने आई है। पहली बारिश के बाद स्कूल परिसर के मैदान और मुख्य गेट से अंदर का हिस्सा पानी से भर गया है। गेट से प्रवेश करते ही कीचड़ युक्त पानी जमा होने के कारण कक्षाओं तक पहुंचने में छात्रों और शिक्षकों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय का खेल मैदान पूरी तरह जलमग्न हो गया है। भवन के सामने भी पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है। फिसलन के कारण दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। जलभराव के कारण विद्यालय में प्रार्थना सभा, खेल और अन्य गतिविधियां भी संचालित नहीं हो पा रही हैं।
स्थानीय अभिभावकों ने प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि परिसर में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही छात्रों के सुरक्षित आवागमन के लिए सीमेंट अथवा चेकर टाईल्स की पगडंडी का निर्माण कराया जाए। अभिभावकों का कहना है कि मानसून के पूरे सत्र को देखते हुए शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था की आवश्यकता है ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।





