"शासन के आदेश ताक पर, अबूझमाड़ के बच्चों से छीना जा रहा शिक्षकों का हक — अमित भद्र"

Aug 5, 2026 - 19:48
 0  49
"शासन के आदेश ताक पर, अबूझमाड़ के बच्चों से छीना जा रहा शिक्षकों का हक — अमित भद्र"

नारायणपुर, 01 अगस्त। जिला कांग्रेस कमेटी नारायणपुर ने राज्य शासन एवं शिक्षा विभाग के स्पष्ट आदेशों की अवहेलना को लेकर जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि शासन द्वारा संलग्न शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं, परंतु इसके बावजूद ओरछा क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न ब्लाकों के कई शिक्षकों को आज भी जिला कार्यालय एवं अन्य कार्यालयों में संलग्न रखा गया है। जिला कांग्रेस के जिला महामंत्री एवं जिला प्रवक्ता अमित भद्र ने इसे शासन के आदेशों की खुलेआम अवमानना बताया है। 

अमित भद्र ने बताया कि इस विषय को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर से मिलकर ज्ञापन भी सौंप चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग तथा जिला शिक्षा अधिकारी के आदेशों में स्पष्ट उल्लेख है कि संलग्न शिक्षकों को उनके मूल विद्यालयों में भेजा जाए। इसके बावजूद कुछ अधिकारी मनमानी करते हुए इन आदेशों को ठंडे बस्ते में डाल रहे हैं। 

जिला कांग्रेस ने चिंता जताई है कि ओरछा यानी अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों के विद्यालय पहले से ही शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे क्षेत्रों में पदस्थ शिक्षकों को जिला मुख्यालय में रोक कर रखना वहां के बच्चों के शिक्षा के अधिकार पर सीधा प्रहार है। अबूझमाड़ के बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है और इसके लिए सीधे तौर पर प्रशासन की लापरवाही जिम्मेदार है। 

अमित भद्र ने जिला प्रशासन से तीखे सवाल करते हुए पूछा कि आखिर किसके दबाव में शासन एवं कलेक्टर के आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कौन वह अधिकारी है जो अपने निजी स्वार्थ और पसंद नापसंद के आधार पर कुछ शिक्षकों को संरक्षण देकर शासन के आदेशों को चुनौती दे रहा है। क्या अब नारायणपुर जिले में शासन के आदेशों से ऊपर कुछ अधिकारी और उनका प्रभाव कार्य कर रहा है। 

जिला कांग्रेस ने मांग की है कि सभी ब्लाकों विशेषकर ओरछा क्षेत्र के संलग्न शिक्षकों को तत्काल उनके मूल पदस्थापना स्थल पर भेजा जाए और जिन्होंने जानबूझकर आदेशों की अनदेखी की है उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। अमित भद्र ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जिला कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन एवं हल्ला बोल आंदोलन शुरू करेगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

अमित भद्र

जिला महामंत्री एवं जिला प्रवक्ता  

जिला कांग्रेस कमेटी, नारायणपुर

(छत्तीसगढ़)